अरविंद केजरीवाल ने पूरी जाट कौम को बताया देशद्रोही, मचा जोरदार हंगामा; जानें क्या पूर्व सांसद बोले प्रदेश साहिब
Delhi News: ठंड के दिनों में दिल्ली की राजनीति का तापमान हर दिन बढ़ता जा रहा है। ताजा विवाद नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में नोट बांटने को लेकर है। मुख्यमंत्री आतिशी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के पूर्व सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा पर नोट बांटने का आरोप लगाया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा एक दूसरे पर हमला बोल रही है। आप का आरोप है कि दिल्ली चुनाव हारती देख भाजपा अब वोट के बदले लोगों को पैसे बांट रही है। बुधवार को पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा वोट के लिए पैसे बांटते हुए रंगे हाथों पकड़ी गई है।
आप ने दावा किया कि भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के घर पर खुलेआम वोटरों को पैसे बांटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली विधानसभा की अलग-अलग कॉलोनियों की महिलाओं को प्रवेश वर्मा के सरकारी आवास 20 विंडसर प्लेस पर बुलाकर 1100 रुपये दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि उन्हें सूचना है कि वर्मा के घर पर करोड़ों रुपये कैश है। ईडी-सीबीआई को छापेमारी कर पैसे बरामद करने चाहिए और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए। राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि ये लोग हर वोटर को 1100 रुपये देकर अपनी पार्टी के लिए वोट मांग रहे हैं। भाजपा प्रवेश वर्मा को सीएम चेहरा घोषित करने जा रही है। ऐसे में दिल्ली की जनता उन्हें कैसे सीएम बनाना चाहेगी, जो खुलेआम वोट खरीद रहे हैं। सारी एजेंसियां लाचार हो गई हैं और कोई कार्रवाई नहीं कर रही हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘ये लोग हर वोटर को 1100 रुपये देकर अपनी पार्टी के लिए वोट मांग रहे हैं। क्या आप जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं या खुलेआम वोट खरीद रहे हैं? आपके जैसे देशद्रोही बेटे पर आज आपके पिता को शर्म आनी चाहिए।’ इस पर प्रवेश वर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने ‘X’ पर लिखा, ‘आज अरविंद केजरीवाल ने मुझे देशद्रोही कहकर पूरी जाट बिरादरी को देशद्रोही करार दिया है। मेरे परिवार के लोगों ने देश के लिए लड़ाई लड़ी है। मेरे पिता डॉ. साहिब सिंह ने हमेशा लोगों की मदद की। मैं भी लोगों की मदद कर रहा हूं। दिल्ली देहात केजरीवाल को कभी माफ नहीं करेगा।’
आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों और मतदाताओं के वोटर कार्ड देखकर उन्हें पैसे बांट रही है। उन्होंने कहा कि कॉलोनियों और झुग्गियों से महिलाओं को बुलाकर प्रवेश वर्मा की फोटो वाला फॉर्म भरवाया गया। साथ ही वोटर आईडी ली गई और हर महिला को एक लिफाफे में 1100 रुपये दिए गए। उन्होंने चुनाव आयोग से प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार करने की मांग की।
कार्ड पर किसी संगठन का नहीं, भाजपा का नाम है: सौरभ भारद्वाज
पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव से डरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली में वोट पाने के लिए लोगों को खुलेआम पैसे बांट रही है। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली को बदलने की बात कर रही है, लेकिन वोट पाने के लिए पैसे बांटते हुए रंगे हाथों पकड़ी गई है। उन्होंने कहा कि प्रवेश वर्मा ने यह शर्मनाक काम किया है। उन्होंने अपने पिता साहिब सिंह वर्मा की सारी इज्जत खत्म कर दी है। भारद्वाज ने दावा किया कि वर्मा के घर से निकलते समय जिन लोगों को पैसे दिए गए, उन्हें दिए गए कार्ड पर किसी संगठन का नाम नहीं था। इसकी जगह भाजपा का नाम लिखा हुआ है।
उन्होंने बताया कि इस कार्ड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की तस्वीर है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए। लेकिन, पुलिस प्रवेश वर्मा के सरकारी आवास के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर उन्हें सुरक्षा दे रही है।
चुनाव आयोग सो रहा है: संजय सिंह
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा नेता प्रवेश वर्मा के घर पर खुलेआम मतदाताओं में पैसे बांटे जा रहे हैं। ऐसे में चुनाव आयोग क्यों सो रहा है। आप की मांग है कि प्रवेश वर्मा का पूरा घर सीज किया जाए। ईडी-सीबीआई को इस मामले की तह तक जाना चाहिए। वर्मा के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मतदाताओं को किसी भी तरह से पैसे या नोट बांटना गैरकानूनी है।
मैं जरूरतमंदों की मदद करता था और करता रहूंगा, चाहे कोई मुझे कितना भी रोकने की कोशिश करे- प्रवेश वर्मा
वहीं, आरोपों के जवाब में प्रवेश वर्मा ने कहा कि मुझे चाहे जितनी भी गालियां दी जाएं, लेकिन नई दिल्ली विधानसभा की प्यारी माताओं और बहनों के चेहरे पर खुशी बताती है कि मैं जो भी कर रहा हूं, अच्छा कर रहा हूं। कोई मुझे कितना भी रोकने की कोशिश करे, मैं जरूरतमंदों की मदद करता था और करता रहूंगा। अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर प्रवेश वर्मा ने कहा है कि पैसे बांटने वाली संस्था उनकी अपनी है। जो लंबे समय से जरूरतमंदों की मदद करती आ रही है।
राष्ट्रीय स्वाभिमान संस्था का गठन उनके पिता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा ने 25 साल पहले किया था। यह संस्था तब से जरूरतमंदों के लिए काम कर रही है।
प्रवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री आतिशी पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से आम आदमी पार्टी (आप) के नेता उनके घर के आसपास घूम रहे हैं। उन्होंने सामाजिक कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि उनके पिता ने गुजरात में भूकंप के बाद गांव बसाए थे। जिसका उद्घाटन पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने किया था। उन्होंने कारगिल युद्ध के शहीदों के परिवारों को एक-एक लाख रुपये दिए। उन्होंने ओडिशा में चार गांव भी बसाए। उनका संगठन शहीदों के परिवारों की मदद करता है, जिससे साबित होता है कि वह जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रतिबद्ध हैं। वर्मा अपने संगठन के कामों को उजागर कर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करते दिखे।
वर्मा ने यह भी कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पोस्ट और मुख्यमंत्री आतिशी की प्रेस कॉन्फ्रेंस देखी। इसमें उनकी हताशा साफ झलक रही थी। उन्हें नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की चिंता है। उनके पिता ने उन्हें जरूरतमंदों की मदद करना सिखाया था। उन्होंने महामारी के दौरान 500 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दिए और कई अन्य काम किए। पिछले 11 दिनों में मैं महिलाओं की पीड़ा देख रहा हूं, जो अरविंद केजरीवाल ने 11 साल में नहीं देखी। वे परेशान थीं, उनका दर्द नहीं देखा गया, तब मैंने उन्हें 1,100 रुपये प्रति माह देने का फैसला किया। कम से कम वह पैसे तो बांट रहे हैं, शराब नहीं बांट रहे। वर्मा ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वह लोगों की मदद कर रहे हैं।
कपिल मिश्रा प्रवेश वर्मा के समर्थन में उतरे
बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा कि एक घंटे में 25 पोस्ट। नई दिल्ली विधानसभा सीट से हार सामने देख पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गाली देना शुरू कर दिया है। वह दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे को गद्दार बताकर पूरी दिल्ली देहात की जनता को गाली दे रहे हैं। अभी बीजेपी की लिस्ट भी जारी नहीं हुई है और टीम केजरीवाल ने प्रवेश वर्मा को गाली देना शुरू कर दिया है।
#arvindKejriwalNews #AtishiNews #delhiNews #PradeshSinghSahibNews