अरविंद केजरीवाल का बड़ा दावा, कहा, मेरी विधानसभा में 1000 रूपये में खरीदे जा रहे वोट; जानें पूरा मामला
Delhi News: दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। एक तरफ अरविंद केजरीवाल एक के बाद एक कई घोषणाएं कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने अपने ही विधानसभा में विपक्षी दलों पर वोट खरीदने का आरोप लगाया है। पूर्व सीएम का दावा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में वोट के बदले कैश दिया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि ‘इन लोगों ने मेरी विधानसभा में अभी से वोट खरीदना शुरू कर दिया है। ये खुलेआम एक वोट के बदले 1000 रुपये कैश दे रहे हैं।’
दरअसल, आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं कांग्रेस ने 21 उम्मीदवारों की पहली और 26 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। वहीं, बीजेपी ने अभी तक उम्मीदवारों की एक भी सूची जारी नहीं की है। एक तरफ अरविंद केजरीवाल घोषणाओं पर घोषणाएं कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वो विपक्षी दलों पर चुनाव में वोट खरीदने का आरोप भी लगा रहे हैं।
अगले साल फरवरी में दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी इसके लिए पूरे जोर-शोर से तैयारी कर रही है। विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है। 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल करते हुए 70 में से 62 सीटें जीती थीं। भाजपा को 8 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस खाली हाथ रही थी।