कांग्रेस ने 26 और उम्मीदवारों के नाम किए जारी, जानें किसको कहां से मिला टिकट; अब तक 47 उम्मीदवार घोषित
Delhi Election News: कांग्रेस ने मंगलवार रात दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी, जिसमें पार्टी ने 26 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इसमें सिर्फ एक महिला उम्मीदवार हैं। पार्टी ने मटिया महल से दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री आसिम अहमद खान और बिजवासन से पूर्व विधायक देवेंद्र सहरावत को टिकट दिया है।
ये दोनों नेता एक दिन पहले ही आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। पार्टी ने जंगपुरा से पूर्व उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनीष सिसोदिया के खिलाफ दिल्ली नगर निगम के पूर्व मेयर फरहाद सूरी को मैदान में उतारा है। शकूर बस्ती से सत्येंद्र जैन के खिलाफ सतीश लूथरा को टिकट दिया गया है। पार्टी ने सीमापुरी से दलित प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजेश लिलोठिया को मैदान में उतारा है।
जानिए किसे कहां से मिला टिकट?
पार्टी ने रिठाला सीट से सुशांत मिश्रा, मंगोलपुरी (एससी) से हनुमान चौहान, शकूर बस्ती से सतीश लूथरा, त्रिनगर से सतेंद्र शर्मा, मोती नगर से राजेंद्र नामधारी, मादीपुर (एससी) से जेपी पंवार, राजौरी गार्डन से धर्मपाल चंदेला, उत्तम नगर से मुकेश शर्मा, मटियाला से रघुविंदर शौकीन, बिजवासन से देवेंद्र सहरावत, दिल्ली कैंट से प्रदीप कुमार उपमन्यु, राजिंदर नगर से विनीत यादव और जंगपुरा से फरहाद सूरी को टिकट दिया है।
इसके अलावा मालवीय नगर से जितेंद्र कुमार कोचर, महरौली से पुष्पा सिंह, देवली (एससी) से राजेश चौहान, संगम विहार से हर्ष चौधरी, त्रिलोकपुरी (एससी) से अमरदीप, कोंडली (एससी) से अक्षय कुमार, लक्ष्मी नगर से सुमित शर्मा, कृष्णा नगर से गुरचरण सिंह राजू, सीमापुरी (एससी) से राजेश लिलोठिया, बाबरपुर से हाजी मोहम्मद इशराक खान, गोकलपुर (एससी) से प्रमोद कुमार जयंत और करावल नगर से पीके मिश्रा को मैदान में उतारा है।
अब तक कुल 47 उम्मीदवार घोषित
इससे पहले 12 दिसंबर को घोषित अपनी पहली सूची में पार्टी ने 21 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। कांग्रेस ने अब तक कुल 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए अपने 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पहली सूची में सबसे प्रमुख नाम पूर्व सांसद संदीप दीक्षित का था, जिन्हें नई दिल्ली से उम्मीदवार बनाया गया है। वे पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनौती देंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी की शुरुआत में होने की संभावना है।
#congressCandidatesList #DelhiElectionNews #delhiNews