पंचायत घोटाला: करोड़ों की वित्तीय अनियमितता, प्रधान बर्खास्त; अब पुलिस करेगी कार्यवाही

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की नौर पंचायत में पंचायत घोटाला उजागर हुआ है। 2021 से 2024 के दौरान दो करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं। जांच के बाद जिला पंचायत अधिकारी ने प्रधान काहन चंद को तत्काल बर्खास्त कर दिया। शिकायत के आधार पर गठित कमेटी ने कई गंभीर खुलासे किए। अब उप-प्रधान को पंचायत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

फर्जी भुगतान और हेराफेरी

जांच में पता चला कि मनरेगा कार्यों में साइनबोर्ड नहीं लगाए गए। प्रधान ने अपनी पत्नी के नाम पर 1.85 लाख रुपये का फर्जी भुगतान किया। इंटरलॉक टाइल्स के कार्य में 56,594 रुपये की अतिरिक्त राशि हड़पी गई। अमृत सरोवर निर्माण में 37,800 रुपये का फर्जी खर्च दिखाया गया, लेकिन कोई कार्य नहीं हुआ। इन अनियमितताओं ने ग्रामीणों का भरोसा तोड़ा है।

घटिया सामग्री और बिलों में गड़बड़ी

रिपोर्ट के अनुसार, चादरों की खरीद में अधिक मूल्य दिखाकर हेराफेरी की गई। घटिया गुणवत्ता का सामान खरीदा गया। मजदूरों को भुगतान भी नहीं किया गया। जांच कमेटी ने इन सभी आरोपों की पुष्टि की। पंचायत घोटाला ने स्थानीय प्रशासन को सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर किया। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई की मांग लंबे समय से की थी।

कानूनी कार्रवाई और बर्खास्तगी

जिला पंचायत अधिकारी दयाराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश पंचायत राज अधिनियम के तहत कार्रवाई की। काहन चंद को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन जवाब असंतोषजनक रहा। उन्हें तत्काल बर्खास्त कर दिया गया। पुलिस और भ्रष्टाचार रोकथाम शाखा को सूचित किया गया है। पंचायती राज विभाग अब मामले की गहन जांच कर रहा है।

#kulluNews #panchayatScam

हिमाचल में बर्फबारी का दौर जारी, फिसलकर खाई में गिरा ऑटो; बस ने पिकअप को मारी टक्कर

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है. इससे राज्य में मौसम बदल गया है. भारी बर्फबारी के बीच हिमाचल में पर्यटकों का आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है. बर्फबारी ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.

कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली और लाहौल घाटी में बीते रोज से लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे कई फुट तक बर्फ जमा हो चुकी है. बर्फबारी के चलते अटल-टनल को आवाजाही के लिए बंद किया गया है. इसलिए सभी गाड़ियों को सोलंगनाला तक जाने की अनुमति है, लेकिन लगातार हो रही बर्फबारी के चलते यहां पर हर ओर बर्फ जम चुकी है.

बर्फ से फिसलकर खाई में गिरा ऑटो

बर्फबारी के चलते बीती रात को पुलिस द्वारा सोलंगनाला से गाड़ियों को निकाला गया. इसी दौरान एक मालवाहक ऑटो बर्फ पर फिसल गया और खाई में जा गिरा. गनीमत ये रही कि इस दौरान ड्राइवर ने पहले ही बाहर छलांग लगा दी और ऑटो फिसलते हुए खाई में गिर गया. अगर ड्राइवर ने समय से छलांग न लगाई होती तो बात उसकी जान पर भी बन सकती थी. वीडियो सचिन गुप्ता नाम के सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया गया है. वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है, “हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी है. 4 मुख्य रोड सहित कुल 23 रोड ब्लॉक हैं. 51 प्वाइंट पर इलेक्ट्रिसिटी प्रभावित है. क्रिसमस के बाद न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए मनाली हाउसफुल होता जा रहा है.

https://twitter.com/SachinGuptaUP/status/1872862792610701758?t=jpVMbB5OP211Ig3GfAYvew&s=19

पिकअप से टकराई थी बस

इससे पहले नारकंडा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. दरअसल, भारी बर्फबारी के बीच HRTC की एक बस बर्फ पर फिसलने लगी. ड्राइवर ने बस को रोकने का प्रयास किया लेकिन ढलान पर होने के कारण बस फिसलती चली गई और एक पिकअप में जाकर टकरा गई. इससे बस में बैठे यात्रियों की सांसे थम गईं. हालांकि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. अगर सामने पिकअप न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था.

https://twitter.com/GemsHimachal/status/1872609902914662546?t=xnQ3tPPzay26S9Vs8R2gMg&s=19

बर्फबारी से बढ़ी सड़कों पर फिसलन

बर्फबारी के चलते सड़कों पर बर्फ जम गई है. जिससे सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है. ऐसे में इस मौसम में हादसा होने का डर बना हुआ है. जिस कारण पुलिस प्रशासन द्वारा भी सैलानियों और लोगों से ये अपील की जा रही है कि वो बारिश और बर्फबारी को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें. वहीं, लाहौल घाटी, अटल टनल और सोलंगनाला समेत मनाली के कई हिस्सों में कई-कई फुट तक बर्फ जमा हो गई है. लाहौल घाटी में करीब 6 फुट, अटल टनल में करीब 4 फुट और सोलंगनाला में भी करीब 2 फुट बर्फ जमा हो गई है. जिससे जनजीवन भी अस्त व्यस्त हो गया है.

#accidentNews #himachalNews #kulluNews #shimlaNews #SnowfallNews

Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) on X

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी है। 4 मुख्य रोड सहित कुल 23 रोड ब्लॉक हैं। 51 प्वाइंट पर इलेक्ट्रिसिटी प्रभावित है। क्रिसमस के बाद न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए मनाली हाउसफुल होता जा रहा है। Video मनाली का है।

X (formerly Twitter)

सोलंगनाला घूमने निकले अमृतसर के पर्यटक को पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

Kullu News: हिमाचल प्रदेश के मनाली में अमृतसर के पर्यटक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान कर्ण रतन (32) पुत्र नवीन रतन निवासी मंजिठा रोड अमृतसर के रूप में हुई है। कर्ण अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने आया हुआ था तथा सोलंग और मनाली के बीच आते गांव बुरुआ में एक निजी कोटेज में ठहरा हुआ था। 

मिली जानकारी के अनुसार कर्ण और उसके दोस्त सुबह सोलंगनाला घूमने निकले थे, लेकिन रास्ते में कर्ण को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। घबराए हुए दोस्त तुरन्त कर्ण को मिशन अस्पताल ले गए, लेकिन सोलंगनाला के रास्ते पर भारी ट्रैफिक जाम था, जिसके चलते उन्हें अस्पताल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़। इसके चलते कर्ण ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

अस्पताल पहुंचाने पर कर्ण को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डीएसपी केडी शर्मा ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पर्यटक की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

#AmritsarNews #himachalNews #kulluNews #ManaliNews

एसडीएम कुल्लू ने वायरल वीडियो मामले में दर्ज करवाया मामला, जानें क्या है मामला

Kullu News: सोशल मीडिया में एसडीएम कुल्लू का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एसडीएम अपने एक दोस्त के साथ गाड़ी में बैठे हुए हैं। इस दौरान कुछ युवक उनके साथ किसी बात को लेकर बहस करते हुए नजर आ रहे हैं। युवक किसी गाड़ी को टक्कर मारने की बात कर रहे हैं। इसी को लेकर युवक एसडीएम की गाड़ी को खड़ी कर उनके साथ बहस करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

हालांकि, वीडियो पार्वती घाटी का तीन-चार दिन पुराना बताया जा रहा है। ऐसे में शुक्रवार को एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला वायरल वीडियो को लेकर सामने आए हैं। कहा कि उन्हें सोशल मीडिया से पता चला कि उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। कहा कि वीडियो कुछ दिन पहले का है।

कहा कि प्रशासन ने कुछ दिन पहले कसोल में करीब 200 अवैध कब्जों को हटाया था। इसमें कुछ लोग विरोध कर रहे थे जिनको समझाने की कोशिश की। बाद में उन्हीं लोगों में से उनका रास्ता रोका और उनके साथ बदतमीजी की गई। उनकी तरफ से कोई बदतमीजी नहीं की गई और न ही कोई किसी वाहन को नुकसान नहीं हुआ है।

कहा कि यह मामला सुनियोजित था और इसको लेकर पुलिस में शिकायत की गई है। लोगों की भी पहचान हो गई है। उधर, सोशल मीडिया में वायरल वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एएसपी कुल्लू संजीव चौहान ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

#himachalNews #kulluNews

मनाली और शिमला में बर्फबारी से गिरा तापमान, अटल टनल में तैनात किए 150 जवान; जानें पर्यटकों से क्या बोले डीएसपी

Shimla Manali Snowfall: साल 2024 खत्म होने को है, वहीं फेस्टिवल सीजन और बर्फ के दीवाने लोग साल खत्म होने से पहले बर्फबारी देखना चाहते हैं, इसी कड़ी में लोग उत्तर भारत के राज्यों की ओर रुख कर रहे हैं जिसमें उत्तराखंड से लेकर हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।

खबर हिमाचल प्रदेश से आ रही है जहां अटल टनल में इतनी बर्फ गिर रही है कि सड़क शीशे की तरह नजर आ रही है, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वाहन वहां चल रहे हैं या फिसल रहे हैं, खैर लोग लगातार पहाड़ों की ओर बढ़ रहे हैं, उन्हें कौन रोक सकता है, इसी बीच डीएसपी केडी शर्मा का बयान सामने आया है, अटल टनल में मौसम की स्थिति और ट्रैफिक जाम पर मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि इस समय 150 गार्ड टनल के आसपास सुरक्षा संभाल रहे हैं।

मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने कहा- ‘हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। दोपहर तक करीब 2200 वाहन मनाली से लाहौल-स्पीति जा चुके थे, लेकिन बर्फबारी शुरू होने पर वाहन वापस आने लगे। हमारी टीम ने वहां 1 बजे से बचाव कार्य शुरू कर दिया था। पूरी रात चले बचाव कार्य में अब तक कई पर्यटकों को बचाया जा चुका है।’

मनाली डीएसपी का पर्यटकों से अनुरोध

डीएसपी ने कहा- ‘इस समय हमारे करीब 150 गार्ड सुरंग के आसपास सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हम सभी पर्यटकों से अनुरोध करते हैं कि वे किसी भी यातायात नियम का उल्लंघन न करें। -4 डिग्री सेल्सियस तापमान में जब सड़क पर बर्फ कांच की तरह जम गई थी, तब हमारे जवानों ने बचाव कार्य पूरा किया। कल 1-2 बजे के बीच शुरू हुआ यह बचाव कार्य आज 9-10 बजे तक जारी रहा।’

शिमला-मनाली में व्हाइट क्रिसमस

सोमवार को शिमला में हुई बर्फबारी ने 6 साल बाद व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद जगाई। सोमवार को रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला समेत ऊंची चोटियों पर करीब एक फीट बर्फबारी हुई। शिमला में करीब पांच इंच, कुफरी में नौ इंच, चंबा के डलहौजी के डैनकुंड में एक इंच, चुराह, सलूणी व जोत में करीब डेढ़ इंच, लक्कड़ मंडी व आहला में आधा इंच बर्फबारी दर्ज की गई।

शिमला में इस माह अब तक 15 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। 15 दिसंबर 2014 को दिसंबर माह में सबसे अधिक 29 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई थी। सोलन जिले के कसौली, चायल व काला टिब्बा में भी बर्फबारी हुई। शिमला व मनाली में दिसंबर माह की यह दूसरी बर्फबारी है। दोपहर तक अटल टनल, धुंधी, सोलंगनाला, पलचान व मनाली में भी बर्फ के फाहे गिर रहे हैं।

#himachalNews #kulluNews #ManaliNews #shimlaNews

मनाली और लाहौल स्पीति में हिमपात की वजह से फंसे हजारों पर्यटक, पुलिस ने पांच घंटे चलाया रेस्क्यू; 3000 पर्यटक निकाले

Manali Snowfall News: मौसम के करवट बदलते ही सोमवार को मनाली व लाहुल स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात से 4 हजार के करीब पर्यटक फंस गए। 3000 पर्यटकों को पुलिस ने पांच घंटे में रेस्क्यू कर लिया है, लेकिन 1000 के करीब पर्यटकों को निकालने का कार्य रात तक जारी रहा।

अटल टनल रोहतांग के आसपास चार से छह इंच तक हिमपात हुआ है। सोमवार को दिन में 11 बजे के आसपास बर्फ के फाहे गिरना शुरू हुए तो लाहुल पुलिस ने पर्यटकों को मनाली की ओर भेजना शुरू कर दिया, लेकिन साउथ पोर्टल में उतराई में वाहन स्किड होने लगे जिस कारण लंबी लाइन लगती गई। इससे सात किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। मनाली पुलिस ने सोलंगनाला से तो सभी पर्यटकों को मनाली भेज दिया, लेकिन जो लाहुल चले गए थे वे साउथ पोर्टल में फंस गए।

पांच घंटे में तीन हजार पर्यटकों को किया रेस्क्यू

उत्तर प्रदेश से दोस्तों व परिवार के साथ मनाली घूमने आए पंकज कुमार ने बताया कि वे किराये के वाहन में लाहुल गए थे। वापसी में बर्फ में फंस गए। टनल से पैदल चलकर चार किलोमीटर नीचे धुंधी पुल के पास आए और अतिरिक्त फोर बाय फोर वाहन किराये पर लेकर मनाली पहुंचे।

एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा व डीएसपी केडी शर्मा ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि पांच घंटे में तीन हजार से अधिक पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया है।

#himachalNews #kulluNews #lahaulSpitiNews #SnowfallNews

कुल्लू में भारी बर्फबारी के चलते अटल टनल में फंसी 1000 से ज्यादा गाड़ियां, लंबा ट्रैफिक जाम लगा

Himachal Snowfall News: हिमाचल प्रदेश के अटल टनल में 1000 से ज्यादा गाड़ियां फंस गई हैं, इस वजह से लंबा ट्रैफिक जाम लगा चुका है। लगातार हो रही बर्फबारी ने भी मुश्किल को और ज्यादा बढ़ा दिया है।

बताया जा रहा है कि स्नोफॉल की वजह से कई गाड़ियां फिसली भी हैं, उस वजह से भी हालात ज्यादा चिंताजनक बन गए। इस समय फंसी गाड़ियों को निकालने की कोशिश जारी है। डीएसपी मनाली, एसडीएम मनाली और एसएचओ मनाली पुलिस टीम के साथ मौके पर हैं और जाम खुलवाने में लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि हिमाचल के कई जिलों में मौसम काफी खराब है।

इस समय भीषण बर्फबारी और बारिश भी हो रही है। जगह-जगह बर्फ जमी हुई है। शिमला और मनाली में भी बर्फबारी हो रही है। सड़क पर सफेद चादर बिछ गई है। ऐसे में गाड़ियां रास्ते में आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। जस की तस खड़ी हैं। बर्फ को सड़क से हटाया जा रहा है।

#himachalNews #kulluNews #SnowfallNews

Mandi: मंडी कुल्लू हाइवे पर हुआ भीषण हादसा, पांच लोग गंभीर रूप से हुए घायल; ट्रक चालक फरार

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी कुल्लू हाइवे पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रक और टाटा सूमो के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, और पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए प्रेम चंद, जो कि कुल्लू जिले के शारीडग मौहल के निवासी हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह और उनका परिवार एक टाटा सूमो में मंडी से कुल्लू की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे औट टनल के पास पहुंचे, एक ट्रक ने उनकी सूमो को टक्कर मार दी।

हादसे में प्रेम चंद के साथ उसकी माता बालदासी, बुआ खीमदासी, बहन बिमला और सूमो चालक मुनीष गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ट्रक चालक की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी है। सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी को लेकर स्थानीय प्रशासन ने जनता से सतर्क रहने की अपील की है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

इस हादसे के बाद क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में घायलों का इलाज जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

#kulluNews #mandiNews

कुल्लू के बंजार में जला ढाई मंजिला मकान, बाल बाल बचा देवता पांचवीर का रथ; पूरा मकान हुआ स्वाहा

Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत चैहणी में एक ढाई मंजिला मकान राख हो गया है। घर में विराजमान देवता पांचवीर के रथ को सुरक्षित बचा लिया गया। मंगलवार सुबह कमला देवी के मकान में चिंगारी उठने बाद यहां आग भड़की।

देखते ही देखते पूरा मकान आग की चपेट में आया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं पाया है। सूचना मिलने के दमकल वाहन मौके के लिए रवाना हुआ। ग्रामीणों के अनुसार गांव में पानी की भारी कमी है। पानी नहीं होने के चलते आग पर समय रहते काबू नहीं किया जा सका।

#BanjarNews #himachalNews #kulluNews

मलाणा में गहरी खाई में गिरा हरियाणा का पर्यटक, पुलिस ने रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा

Kullu News: प्राचीन लोकतंत्र के लिए प्रसिद्ध मलाणा गांव के पास एक पर्यटक गहरी खाई में गिर गया। घटना सोमवार दोपहर लगभग 4 बजे की है, जब हरियाणा राज्य से आए दो पर्यटक मलाणा की ओर पैदल यात्रा कर रहे थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पर्यटक जब नेरांग झरने के पास पहुंचे तो एक युवक का पांव फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया। उसके साथी ने तुरंत यह सूचना पास से गुजर रहे घोड़े वालों को दी जिन्होंने घटना की जानकारी मणिकर्ण थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजीव वालिया ने रेस्क्यू दल को घटनास्थल पर भेज दिया।

स्थानीय नेगी ब्रदर्स एडवेंचर रेस्क्यू दल भी लापता युवक की तलाश में जुट गया है। हालांकि इस दौरान पाया गया कि खाई बहुत गहरी है और स्थान का पता नहीं चल पाया है। इसके अलावा, ठंड इतनी अधिक है कि यदि युवक घायल भी हो तो उसकी जान बचाना मुश्किल हो सकता है।

लापता पर्यटक की पहचान 20 वर्षीय साहिल पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी कृपाल नगर, रोहतक, हरियाणा के रूप में हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन को अंधेरे के कारण रोकना पड़ा है और अब कल सुबह फिर से रेस्क्यू दल युवक की तलाश में निकलेंगे। इस घटना की पुष्टि पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कार्तिकेयन ने की है।

#kulluNews #MalanaNews