मनाली और शिमला में बर्फबारी से गिरा तापमान, अटल टनल में तैनात किए 150 जवान; जानें पर्यटकों से क्या बोले डीएसपी
Shimla Manali Snowfall: साल 2024 खत्म होने को है, वहीं फेस्टिवल सीजन और बर्फ के दीवाने लोग साल खत्म होने से पहले बर्फबारी देखना चाहते हैं, इसी कड़ी में लोग उत्तर भारत के राज्यों की ओर रुख कर रहे हैं जिसमें उत्तराखंड से लेकर हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।
खबर हिमाचल प्रदेश से आ रही है जहां अटल टनल में इतनी बर्फ गिर रही है कि सड़क शीशे की तरह नजर आ रही है, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वाहन वहां चल रहे हैं या फिसल रहे हैं, खैर लोग लगातार पहाड़ों की ओर बढ़ रहे हैं, उन्हें कौन रोक सकता है, इसी बीच डीएसपी केडी शर्मा का बयान सामने आया है, अटल टनल में मौसम की स्थिति और ट्रैफिक जाम पर मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि इस समय 150 गार्ड टनल के आसपास सुरक्षा संभाल रहे हैं।
मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने कहा- ‘हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। दोपहर तक करीब 2200 वाहन मनाली से लाहौल-स्पीति जा चुके थे, लेकिन बर्फबारी शुरू होने पर वाहन वापस आने लगे। हमारी टीम ने वहां 1 बजे से बचाव कार्य शुरू कर दिया था। पूरी रात चले बचाव कार्य में अब तक कई पर्यटकों को बचाया जा चुका है।’
मनाली डीएसपी का पर्यटकों से अनुरोध
डीएसपी ने कहा- ‘इस समय हमारे करीब 150 गार्ड सुरंग के आसपास सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हम सभी पर्यटकों से अनुरोध करते हैं कि वे किसी भी यातायात नियम का उल्लंघन न करें। -4 डिग्री सेल्सियस तापमान में जब सड़क पर बर्फ कांच की तरह जम गई थी, तब हमारे जवानों ने बचाव कार्य पूरा किया। कल 1-2 बजे के बीच शुरू हुआ यह बचाव कार्य आज 9-10 बजे तक जारी रहा।’
शिमला-मनाली में व्हाइट क्रिसमस
सोमवार को शिमला में हुई बर्फबारी ने 6 साल बाद व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद जगाई। सोमवार को रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला समेत ऊंची चोटियों पर करीब एक फीट बर्फबारी हुई। शिमला में करीब पांच इंच, कुफरी में नौ इंच, चंबा के डलहौजी के डैनकुंड में एक इंच, चुराह, सलूणी व जोत में करीब डेढ़ इंच, लक्कड़ मंडी व आहला में आधा इंच बर्फबारी दर्ज की गई।
शिमला में इस माह अब तक 15 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। 15 दिसंबर 2014 को दिसंबर माह में सबसे अधिक 29 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई थी। सोलन जिले के कसौली, चायल व काला टिब्बा में भी बर्फबारी हुई। शिमला व मनाली में दिसंबर माह की यह दूसरी बर्फबारी है। दोपहर तक अटल टनल, धुंधी, सोलंगनाला, पलचान व मनाली में भी बर्फ के फाहे गिर रहे हैं।
#himachalNews #kulluNews #ManaliNews #shimlaNews