चिंतपूर्णी में प्रेशर न बनने की वजह से खाई में गिरी निजी बस, मौके पर पहुंची पुलिस; कोई हताहत नहीं

Una News: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के चिंतपूर्णी में रविवार को सुबह नौ बजे के करीब पंजाब की एक निजी बस तलवाड़ा बाईपास के पास खाई में जा गिरी। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। 

इस वजह से हुआ हादसा

गनीमत यह रही की जब ये हादसा हुआ तो उस दौरान बस में कोई भी सवारी नहीं थी। बस पूरी तरह से खाली थी और बस का चालक बस को खड़ी करने के लिए थोड़ा आगे ले जा रहा था तो उसे दौरान बस का प्रेशर नहीं बनने के कारण बस बैक हो गई और खाई में जा गिरी।

बस के चालक प्रदीप सिंह ने बताया कि वंश ट्रांसपोर्ट कंपनी की तीन बसें रविवार को चिंतपूर्णी मंदिर अमृतसर से श्रद्धालुओं को लेकर आई थी जिसमें से एक बस ने तलवाड़ा बाईपास पर सवारियों को उतारा और बस में बैठे श्रदालु मंदिर दर्शनों के के लिए चले गए। जिसके बाद चालक बस को लगाने के लिए तलवाड़ा बाईपास ले गया जिस दौरान ये हादसा हुआ।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी पुलिस भी मौके पर पहुंची और बस चालक से घटना की जानकारी ली। अगर हादसे के दौरान बस में सवारियां होती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रैफिक इंचार्ज दीपक राणा ने बताया कि रविवार को ये हादसा हुआ है, लेकिन हादसे के दौरान बस में एक भी सवारी नहीं बैठी हुई थी जिस कारण कोई बड़ी घटना नहीं घटी है।

#ChintpurniNews #himachalNews #unaNews

ऊना की दो महिलाओं ने अज्ञात कारणों से खाया जहर, एक की हुई मौत

Women Swallowed Poison: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में अलग-अलग स्थानों पर जहरीला पदार्थ निगलने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला क्षेत्रीय अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।

पहली घटना अंब तहसील के बड़ोह बडोरा चक्क सराय गांव की है। यहां 50 वर्षीय संध्या देवी पत्नी गुरदास सिंह ने अज्ञात कारणों के चलते घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया।

गंभीर हालत में परिजन उन्हें रीजनल अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। वही, दूसरी घटना जिला मुख्यालय के पास ग्राम पंचायत बरनोह में हुई। यहां 34 वर्षीय महिला ने भी अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने महिला को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने इन दोनों घटनाओं की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों और बरनोह निवासी महिला के परिवार से पूछताछ की जा रही है। घटनाओं के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई है।

#himachalNews #unaNews

कमरे में जल रही अंगीठी से बनी के कारण हुई बाप-बेटे की मौत, पुलिस ने कब्जे में लिए शव

Una News: ऊना जिला के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत जलग्रां टब्बा में रविवार सुबह एक दुखद घटना पेश आई है। यहां एक कमरे में  सोए पिता-पुत्र की मौत हो गई है। उक्त बाप-बेटा सब्जी की दुकान करते थे। पिता की उम्र 50 वर्ष तो बेटे की उम्र 18 वर्ष के करीब बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार जब साथ वाले कमरे में सो रहे छोटे बेटे ने उन्हें देखा तो वे दोनों अचेत अवस्था में पड़े हुए थे तथा कोई हरकत नहीं कर रहे थे। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया। जब लोगों ने मौके पर आकर जांच की तो दोनों को मृत पाया।

इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में कमरे में एक अंगीठी भी मिली है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कमरे में जलाई गई अंगीठी से बनी गैस के चलते दोनों की दम घुटने से मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामले जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा।

#himachalNews #unaNews

स्कूटी से ITI गगरेट जा रहे अनुदेशक को टिप्पर ने मारी टक्कर, मौके पर ही मौत; पुलिस ने शुरू की जांच

Una News: मैहतपुर-अंब नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक और अनमोल जान चली गई। जिला मुख्यालय से 4 किलोमीटर दूर झलेड़ा कस्बे में आज सड़क हादसे में राजकीय आईटीआई गगरेट में तैनात एक अनुदेशक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ग्राम पंचायत बरसाला का 41 वर्षीय विशाल कुमार स्कूटी पर सवार होकर अपने घर से आईटीआई गगरेट जाने के लिए झलेड़ा पहुंचा था। इस दौरान एक टिप्पर ने उसे टक्कर मार दी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

फोरलेन हाईवे झलेड़ा और मैहतपुर के बीच लगातार हादसों का सिलसिला चल रहा है और यह आईटीआई अनुदेशक अब इसका शिकार बन गया है। हालांकि सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के कारण 2 दिन का अवकाश घोषित किया था, लेकिन अधिसूचना देरी से आई और विशाल ड्यूटी पर जाने के लिए झलेड़ा पहुंच गया। यहां से वह अपनी स्कूटी खड़ी करके यहां से कार में आगे जाने वाला था।

हादसे के बाद झलेड़ा चौक पर काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने टिप्पर को भी अपने कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े 11 बजे ऊना की ओर से आ रहे एक टिप्पर ने साइड में चल रहे स्कूटर को टक्कर मार दी। इससे स्कूटर चालक विशाल कुमार सड़क पर गिर गया और टिप्पर के पिछले टायर विशाल के सिर के ऊपर से गुजर गए। एसपी राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने टिप्पर चालक हरभजन सिंह निवासी गांव अठवां अंब के खिलाफ भादंसं की धारा 281 व 106 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

#himachalNews #unaNews

नाबालिग लड़की को भगाकर किया था दुष्कर्म, अदालत ने सुनाई 20 साल कठोर कारावास की सजा

Himachal News: विशेष न्यायाधीश जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार की अदालत ने एक महत्वपूर्ण फैसले में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। दोषी को भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और पोक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत 20 वर्ष के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माना, धारा 363 के तहत 3 वर्ष कारावास और 1000 रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में दोषी को एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

जिला अधिवक्ता एकलव्य ने मामले की पैरवी करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता ने वर्ष 2022 में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें नंदपुर निवासी रोहित चौधरी पर उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर घर से भगाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी की और आरोपी के घर से नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया। इस दौरान पीड़िता ने दुष्कर्म का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे अदालत में पेश कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए।

पुलिस ने मामले की जांच कर सभी साक्ष्य और चालान न्यायालय में पेश किया। मामले की पैरवी करते हुए अभियोजन पक्ष ने न्यायालय में करीब 16 गवाहों के बयान दर्ज कराए और साक्ष्य पेश किए। न्यायालय ने सभी गवाहों की गवाही और साक्ष्यों पर गौर करने के बाद दोषी को सजा सुनाई है।

#himachalNews #RapeNews #unaNews

ऊना में बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जुटाएगी हत्या के साक्ष्य

Una News: ऊना के लोअर भदसाली की पंचायत प्रधान सरोज देवी के पति संजीव कुमार (51) और बेटे रविंदर कुमार (26) की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी देशदीप जसवाल उर्फ दीपू पुत्र रमेश चंद जसवाल को हिरासत में ले लिया है। गोलीबारी के बाद से मुख्य आरोपी फरार था और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। मामले में पहले हिरासत में लिए गए चार आरोपियों को भी देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।

इनमें सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार रमेश चंद जसवाल पुत्र बलदेव सिंह, ओम प्रकाश पुत्र रमेश चंद, हरदीप राणा उर्फ हनी पुत्र सुरजीत और अनुज जसवाल पुत्र ओम प्रकाश शामिल हैं। हत्या से कुछ समय पहले दोनों परिवारों में हुई थी झड़प एसपी ऊना राकेश सिंह ने एएसपी संजीव भाटिया और एएसपी सुरेंद्र शर्मा व डीएसपी वसुधा सूद की मौजूदगी में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस अब उसे रिमांड पर लेगी और जिस हथियार से उसने हत्या की थी, उसे भी जब्त करेगी।

एसपी ने कहा कि इसके साथ ही इस बात की भी जांच की जाएगी कि राइफल का लाइसेंस किसके नाम पर था और अन्य आरोपियों की क्या भूमिका थी। एसपी ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है, जिसमें पिता-पुत्र की हत्या फायर आर्म्स से की गई है। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों के बीच पिछले कुछ समय से जमीन का विवाद चल रहा था और इस हत्या से कुछ समय पहले भी दोनों परिवारों के बीच इसी को लेकर झड़प हुई थी। सुबह इसी झड़प को लेकर तनाव था और मुख्य आरोपी दीपू जो पेशे से वकील है, उस समय ऊना में था। जब उसे सूचना मिली कि घर में झगड़ा हो रहा है तो वह अपने घर पहुंचा और उस बंदूक को उठाकर उससे हत्या कर दी।

पिता-पुत्र अलग-अलग वाहनों में थे

जिन पिता-पुत्र की हत्या की गई है, वे अलग-अलग वाहनों में थे। उस समय रविंद्र कुमार एक्सयूवी कार में था। आरोपी देशदीप उर्फ ​​दीपू ने आकर उसे सीधे गोली मार दी। उसके बाद स्कॉर्पियो में आ रहे संजीव कुमार को गोली मार दी गई। जब वह कार से उतरा तो उसे दोबारा गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बहरहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। कड़ियों को जोड़ा जा रहा है और आरोपियों व प्रत्यक्षदर्शियों से सभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं। एसपी ने बताया कि इस मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर सभी साक्ष्य जुटाए हैं। गोली किस तरह की थी और किस एंगल से चलाई गई। शव पर मिले गोली के अवशेष समेत सभी चीजों का वैज्ञानिक तरीके से अध्ययन कर साक्ष्य जुटाए जाएंगे।

दोनों परिवारों के बीच पहले इतने बड़े स्तर का कोई विवाद नहीं हुआ

जब दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ तो पुलिस ने उनके हथियार जब्त क्यों नहीं किए और लाइसेंस क्यों नहीं रद्द किए गए, इसके जवाब में एसपी ने कहा कि इससे पहले इन दोनों परिवारों के बीच इतने बड़े स्तर का कोई विवाद नहीं हुआ था। सोमवार को ही सुबह इनके बीच झगड़ा हुआ था और उसके बाद मामला हत्या तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी और उन लोगों के हथियारों के लाइसेंस भी रद्द किए जा सकते हैं जिनका इस तरह का विवाद है। एसपी ने बताया कि भदासाली में हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एएसपी संजीव भाटिया के नेतृत्व में टीम ने वहां कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के लिए अंब से डीएसपी वसुधा सूद को भी भेजा गया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही तत्काल सभी कार्रवाई की गई।

सारे साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों पर होगी कार्रवाई

एसपी ने माना कि यह जघन्य हत्याकांड है और इस मामले में सारे साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसमें किसकी क्या भूमिका थी, आरोपियों के पास कौन-कौन से हथियार हैं, आरोपियों ने किस आधार पर लाइसेंस बनवाए हैं, इसकी भी विस्तार से जांच की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में हर तरह से कार्रवाई शुरू कर दी है।

#DoubleMurderCase #himachalNews #unaNews

ऊना में मर्जी के मालिक है HRTC के कर्मी, छुट्टी वाले दिन गायब रहती है यह बस; जानें पूरा मामला

Una News: ऊना में हिमाचल पथ परिवहन निगम मर्जी का मालिक है। हालात यह हैं कि सार्वजनिक छुट्टी के दिन हिमाचल पथ परिवहन की कई मुख्य रूट पर चलने वाली बसें भी छुट्टी पर रहती हैं। बेशक इससे आम जनमानस व यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ें। शायद इससे हिमाचल पथ परिवहन निगम को कोई सरोकार नहीं है। मुकेरियां-ऊना रूट पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस गगरेट से ऊना की ओर जाने वाली अंतिम बस है, लेकिन छुट्टी के दिन इसके न आने के चलते यात्रियों को टैक्सी कर गंतव्य स्थान का रुख करना पड़ता है।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने कहा था कि हिमाचल पथ परिवहन निगम मुनाफे के लिए नहीं, बल्कि प्रदेशवासियों की सुविधा के लिए है लेकिन उनके बाद शायद हिमाचल पथ परिवहन निगम को प्रदेशवासियों से कोई सरोकार नहीं रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सार्वजनिक छुट्टी के दिन निगम के अधिकारी प्रमुख रूट पर चलने वाली बसों को भेजना उचित नहीं समझते। अब इसके पीछे बेशक यह दलील दे दी जाएं कि रविवार की छुट्टी होने के चलते यात्री कम होते हैं और ऐसे में बस चलाना घाटे का सौदा है, लेकिन क्या आम जनमानस की सुविधा कोई मायने नहीं रखती।

मुकेरियां-ऊना रूट पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा गगरेट से ऊना की ओर चलने वाली आखिरी बस सेवा है, जो कि रात्रि साढ़े आठ बजे गगरेट से ऊना के लिए रवाना होती है। जाहिर है कि अगर यह बस न आए तो यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में कई यात्री भाग कर अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर ट्रेन पकडऩे को विवश हो जाते हैं या फिर टैक्सी कर गंतव्य को जाना उनकी मजबूरी बन जाता है। अगर परिवहन मंत्री कार्यभार संभाले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के गृह जिला में हिमाचल पथ परिवहन निगम का यह हाल है तो अन्य जिलों की क्या स्थिति होगी इसका अंदाजा सहज लगाया जा सकता है।

स्थानीय निवासियों सतीश शर्मा, विकास शर्मा, गौरव शर्मा सहित कई लोगों का कहना है कि गगरेट से ऊना की ओर चलने वाली इस अंतिम बस सेवा को हर हाल में सातों दिन चलाया जाना अति आवश्यक है। ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उधर हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारी भी शायद छुट्टी के दिन जनता की फरियाद सुनना उचित नहीं समझते। या यूं कहें कि छुट्टी वाले दिन इन्हें जन समस्याओं से कोई सरोकार नहीं होता। रविवार को मुकेरियां-ऊना बस सेवा न चलने पर प्रतिक्रिया जानने के लिए जब ऊना डिपो के आरएम सुरेश धीमान को फोन किया तो उन्होंने फोन उठाना उचित नहीं समझा।

#himachalNews #unaNews

ऊना में वकील ने गोली मारकर की प्रधान के पति और पुत्र की हत्या, जानें क्या रहा बड़ा कारण

Una News: जिला ऊना के थाना हरोली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जमीनी विवाद के चलते एक वकील ने ग्राम पंचायत प्रधान के पति और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान संजीव कुमार (51) और उनके बेटे रविंद्र कुमार (26) के रूप में हुई है। दोनों भदसाली गांव के रहने वाले थे। आरोपी दीपक कुमार, जो पेशे से वकील है और जिसके पिता एक सेवानिवृत्त तहसीलदार हैं, लोअर भदसाली का रहने वाला है।

जमीनी विवाद बड़ा हत्याकांड का कारण

बताया जा रहा है दोनों पक्षों में करीब एक साल से जमीनी विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह भी मृतक बाप बेटे और वकील के परिवार के मध्य कथित रूप से झगड़ा हुआ था उसी का बदला लेने के लिए आरोपित ने इन दोनों की गाड़ी का पीछा किया और गाड़ी को घेरकर इनसे आगे गाड़ी लगा दी।

बेटे को सीने में बाप को पीठ पर मारी गोली आरोपित ने बाप बेटे की गाड़ी को ओवरटेक करके अपनी राइफल निकाली और बेटे पर फायर कर दिया। जब बेटा मौके पर गिर गया उसे देखकर बाप वहां से भागने लगा तो आरोपित ने उसकी पीठ पर वार कर दिया। बाप भी मौके पर गिर गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के आलाधिकारी मौके पर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे गांव की घेराबन्दी कर दी। फिलहाल, आरोपी फरार है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। एसपी ऊना, राकेश सिंह ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हत्या के साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है।

गगरेट में चिट्टा गैंग का आतंक

नशे के जाल में फंसा गगरेट इलाका अब एक और गंभीर समस्या का सामना कर रहा है। चिट्टे (सिंथेटिक ड्रग्स) का कारोबार यहां तेजी से पांव पसार रहा है और इस बार इसका संचालन लड़कियों द्वारा किए जाने की खबरें सामने आई हैं। इस अवैध कारोबार में दीदी गैंग का नाम प्रमुखता से उभर रहा है जिसने न केवल युवाओं को नशे की लत में डुबो दिया है बल्कि इलाके में आतंक का माहौल भी पैदा कर दिया है। 

#FiringNews #himachalNews #unaNews

कर्मचारियों की सेवा शर्तों से संबंधित विधेयक पर पुर्नविचार करे सरकार, प्राध्यापक संघ ने रखी मांग

Una News: हिमाचल प्रदेश स्कूल प्राध्यापक संघ ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से आग्रह किया है कि कर्मचारियों की सेवा शर्तों से संबंधित विधेयक जो विधानसभा में लाया गया है, उस पर पुनर्विचार किया जाए।

स्कूल प्राध्यापक संघ ने उस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि 21 वर्ष से नियमित अनुबंध सेवा शर्तों को पुरानी तिथि से बदलने के कारण जहां कर्मचारियों में असुरक्षा बनेगी। दूसरी ओर न्यायपालिका पर भी अनावश्यक कार्यभार बढ़ेगा। चुनाव से पूर्व सरकार ने वादा किया था कि नियुक्ति की प्रथम तिथि से वित्तिय और वरिष्ठता का लाभ हिमाचल के अनुबंध पर नियमित कर्मचारियों को दिए जाएंगे।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश स्कूल प्राध्यापक संघ के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विकास रतन, संगठन सचिव राजन शमी, जिला अध्यक्ष दविन्दर सिंह बेली, महासचिव शशीपाल, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश मल्होत्रा, राज्य उपाध्यक्ष वरुण लखनपाल, जिला उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, विपिन शर्मा, संजीव बग्गा, अटल कुमार, रामकुमार संदीप सैनी, रवि राणा सुनील मेहता, सजीव कौशल नरेश सैनी, नीरज सैनी, जतिन्दर शर्मा, बलवत सिहं उपस्थित थे।

#himachalNews #unaNews

डॉक्टर स्विंकी जैन की गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा उग्र प्रदर्शन, परिजनों ने लगाए मानव अंगों की तस्करी के आरोप

Una News: जिला मुख्यालय के साथ लगती रक्कड़ काॅलोनी में स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद हुई महिला की मौत के मामले में परिजनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को परिवार के लोग थाना सदर ऊना में बयान दर्ज करवाने आए और आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। परिवार के लोगों से सरकार व प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर तीन दिन के भीतर आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार नहीं हुईं और उसे सेवाओं से नहीं हटाया गया तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन व सरकार जिम्मेदार होगी। दूसरी ओर प्रदेश स्वास्थ्य सचिव ने मामले की रिपोर्ट जानने के बाद आरोपी डॉक्टर को निलंबित करने के आधिकारिक फरमान जारी कर दिए। अब महिला डॉक्टर को शिमला हेडक्वार्टर में रिपोर्ट करना होगा।

शुक्रवार को मृतक महिला के दोनों बेटियों और बड़ी बहन के बयान थाना सदर में दर्ज किए गए। इस दौरान महिला के जेठ सरपंच गुरचरण सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उनकी भाभी पर घर की सारी जिम्मेदारी थी। बीते सोमवार को उसकी भाभी जसविंद्र कौर (52) ऊना के सरकारी अस्पताल में केवल जांच करवाने गई। उनकी किस्मत खराब रही कि वहां भाभी की जांच डॉक्टर स्विंकी जैन ने की। उन्हें एक निजी अस्पताल में रसौली का लेजर ऑपरेशन करने की सलाह दी।

उसकी बातों में आकर उनकी भाभी व अन्य परिवार के सदस्य भी राजी हो गए। गुरचरण सिंह ने कहा कि मंगलवार शाम को ऑपरेशन के समय आरोपी डॉक्टर सरकारी अस्पताल से छुट्टी लेकर निजी अस्पताल ग्रेस मेगा केयर में पहुंची। ऑपरेशन करने समय डॉक्टरों से गलती हुई और उसकी भाभी की जान चली गई। भाभी को रसौली बच्चेदानी से बाहर थी। फिर भी छाती तक उनका पेट फाड़ा हुआ मिला। गुरचरण सिंह ने शक जताया कि मामला मानव अंग तस्करी से जुड़ा भी हो सकता है।

आरोपी डॉक्टर पहले रही हैं विवादित, नहीं थी जानकारी: परिजन

सरपंच गुरचरण सिंह ने कहा कि उनकी भाभी का ऑपरेशन करने वाली सरकारी अस्पताल की डॉक्टर स्विंकी जैन पहले भी विवादों में रह चुकी है। इसकी जानकारी नहीं थी। पहले भी एक गर्भवती महिला के ऑपरेशन व उसके बाद मौत के मामले में उनके खिलाफ रोष प्रदर्शन हुए थे। परिजनों ने कहा कि अभी आरोपी डॉक्टर को सेवाएं देते दो से तीन साल हुए। उसकी नासमझी व पैसों के लालच ने उनका परिवार उजाड़ दिया। परिजनों ने कहा कि डॉक्टर को निलंबित करना काफी नहीं, वह कुछ समय बाद दोबारा सेवाओं में आ जाएंगी। उसकी सेवाएं पूरी तरह समाप्त की जाएं।

ऊना अस्पताल के बाहर पुलिस बल रहा तैनात

शुक्रवार को पुलिस विभाग को इनपुट मिले कि मृतक महिला के परिजन अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन कर सकते हैं। जिसे देखते हुए एहतियातन अस्पताल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। हालांकि परिजनों की ओर से ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया। जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गए। मृतक महिला की पहचान जसविंद्र कौर (52) निवासी गांव मजारी डाकघर भलड़ी तहसील नंगल जिला रोपड़ पंजाब के तौर पर हुई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसके वर्मा ने बताया कि चिकित्सा अधीक्षक संजय मनकोटिया ने मामले की पूरी रिपोर्ट निदेशालय को भेजी। जांच में सरकारी डॉक्टर की ओर से निजी अस्पताल के लिए सेवाएं देने व ऑपरेशन में शामिल होने के तथ्य सामने आए। जिसके आधार पर आरोपी महिला डॉक्टर को स्वास्थ्य सचिव ने निलंबित कर दिया और वह शिमला हेडक्वार्टर में रिपोर्ट करेंगी। निजी अस्पताल के सभी दस्तावेजों को खंगाला जाएगा। अभी मामले की शुरुआती जांच हुई है। आने वाले दिनों में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।

#himachalNews #SwinkyJainNews #unaNews