ऊना में बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जुटाएगी हत्या के साक्ष्य

Una News: ऊना के लोअर भदसाली की पंचायत प्रधान सरोज देवी के पति संजीव कुमार (51) और बेटे रविंदर कुमार (26) की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी देशदीप जसवाल उर्फ दीपू पुत्र रमेश चंद जसवाल को हिरासत में ले लिया है। गोलीबारी के बाद से मुख्य आरोपी फरार था और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। मामले में पहले हिरासत में लिए गए चार आरोपियों को भी देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।

इनमें सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार रमेश चंद जसवाल पुत्र बलदेव सिंह, ओम प्रकाश पुत्र रमेश चंद, हरदीप राणा उर्फ हनी पुत्र सुरजीत और अनुज जसवाल पुत्र ओम प्रकाश शामिल हैं। हत्या से कुछ समय पहले दोनों परिवारों में हुई थी झड़प एसपी ऊना राकेश सिंह ने एएसपी संजीव भाटिया और एएसपी सुरेंद्र शर्मा व डीएसपी वसुधा सूद की मौजूदगी में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस अब उसे रिमांड पर लेगी और जिस हथियार से उसने हत्या की थी, उसे भी जब्त करेगी।

एसपी ने कहा कि इसके साथ ही इस बात की भी जांच की जाएगी कि राइफल का लाइसेंस किसके नाम पर था और अन्य आरोपियों की क्या भूमिका थी। एसपी ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है, जिसमें पिता-पुत्र की हत्या फायर आर्म्स से की गई है। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों के बीच पिछले कुछ समय से जमीन का विवाद चल रहा था और इस हत्या से कुछ समय पहले भी दोनों परिवारों के बीच इसी को लेकर झड़प हुई थी। सुबह इसी झड़प को लेकर तनाव था और मुख्य आरोपी दीपू जो पेशे से वकील है, उस समय ऊना में था। जब उसे सूचना मिली कि घर में झगड़ा हो रहा है तो वह अपने घर पहुंचा और उस बंदूक को उठाकर उससे हत्या कर दी।

पिता-पुत्र अलग-अलग वाहनों में थे

जिन पिता-पुत्र की हत्या की गई है, वे अलग-अलग वाहनों में थे। उस समय रविंद्र कुमार एक्सयूवी कार में था। आरोपी देशदीप उर्फ ​​दीपू ने आकर उसे सीधे गोली मार दी। उसके बाद स्कॉर्पियो में आ रहे संजीव कुमार को गोली मार दी गई। जब वह कार से उतरा तो उसे दोबारा गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बहरहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। कड़ियों को जोड़ा जा रहा है और आरोपियों व प्रत्यक्षदर्शियों से सभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं। एसपी ने बताया कि इस मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर सभी साक्ष्य जुटाए हैं। गोली किस तरह की थी और किस एंगल से चलाई गई। शव पर मिले गोली के अवशेष समेत सभी चीजों का वैज्ञानिक तरीके से अध्ययन कर साक्ष्य जुटाए जाएंगे।

दोनों परिवारों के बीच पहले इतने बड़े स्तर का कोई विवाद नहीं हुआ

जब दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ तो पुलिस ने उनके हथियार जब्त क्यों नहीं किए और लाइसेंस क्यों नहीं रद्द किए गए, इसके जवाब में एसपी ने कहा कि इससे पहले इन दोनों परिवारों के बीच इतने बड़े स्तर का कोई विवाद नहीं हुआ था। सोमवार को ही सुबह इनके बीच झगड़ा हुआ था और उसके बाद मामला हत्या तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी और उन लोगों के हथियारों के लाइसेंस भी रद्द किए जा सकते हैं जिनका इस तरह का विवाद है। एसपी ने बताया कि भदासाली में हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एएसपी संजीव भाटिया के नेतृत्व में टीम ने वहां कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के लिए अंब से डीएसपी वसुधा सूद को भी भेजा गया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही तत्काल सभी कार्रवाई की गई।

सारे साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों पर होगी कार्रवाई

एसपी ने माना कि यह जघन्य हत्याकांड है और इस मामले में सारे साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसमें किसकी क्या भूमिका थी, आरोपियों के पास कौन-कौन से हथियार हैं, आरोपियों ने किस आधार पर लाइसेंस बनवाए हैं, इसकी भी विस्तार से जांच की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में हर तरह से कार्रवाई शुरू कर दी है।

#DoubleMurderCase #himachalNews #unaNews