पश्चिम विक्षोभ के कारण भारत के इन राज्यों में आने वाला है सर्दियों का तूफान, 30 से 50 किमी की रफ्तार से चलेगी हवाएं
Mausam Samachar: मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज तूफान आने की संभावना है। इसके कारण कई इलाकों में भारी बारिश होगी। वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी की भी संभावना है। आईएमडी ने कहा है कि इसके कारण उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से में तापमान में गिरावट आएगी।
मौसम विभाग के अनुसार 27 और 28 दिसंबर को हल्की से लेकर व्यापक बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा है कि 27 और 28 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस दौरान 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार 27 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात में गरज के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में भी 27 और 28 दिसंबर को ऐसे ही हालात बन सकते हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों से इस मौसम परिवर्तन के लिए तैयार रहने और संभावित यात्रा व्यवधानों और प्रतिकूल मौसम स्थितियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि यह सर्दियों का पहला बड़ा तूफान होगा।
अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार और शनिवार को कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र को प्रभावित करने वाला है। कश्मीर में कई स्थानों पर रात के तापमान में गिरावट आई है, जिससे घाटी में शीतलहर जारी है। पारे में गिरावट के कारण जलापूर्ति पाइपों में पानी जम गया है। वहीं, डल झील समेत कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई है।
मौसम विभाग ने कहा कि श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात माइनस 7.3 डिग्री सेल्सियस था। उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात माइनस 6.6 डिग्री सेल्सियस था। दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर क्षेत्र का एक छोटा सा गांव कोनीबल घाटी शून्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार दोपहर से शनिवार दोपहर तक जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ जारी रहेगा।
#IMDNews #WeatherAlertNews #weatherNews