भारी बर्फबारी के कारण अटल टनल और लाहुल स्पीति के सभी टूरिज्म प्लेस बंद, एडवाइजरी जारी

Himachal News: रोहतांग, बारालाचा शिंकुला और कुंजम दर्रे में दो फीट बर्फबारी हुई है। शुक्रवार सुबह से ही तमाम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। लाहौल-स्पीति में सुबह से ही बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। भारी बर्फबारी के कारण जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मनाली केलांग मार्ग के साथ-साथ तांदी संसारी मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

घाटी में कुछ स्थानों पर फोर व्हील ड्राइव वाहन चल रहे हैं जबकि बस सेवा बंद कर दी गई है। सुबह से हो रही बर्फबारी के कारण अटल टनल के दोनों छोर पर आधा फीट बर्फ जम गई है। अटल टनल सहित लाहौल के सभी पर्यटन स्थल पर्यटकों के लिए बंद कर दिए गए हैं। सुबह से हो रही बर्फबारी के कारण केलांग और सिस्सू के बीच आधा फीट बर्फ गिर चुकी है।

लाहौल-स्पीति के समूचे क्षेत्र में बर्फ के फाहे गिरने का सिलसिला जारी है। पर्यटन नगरी मनाली में दिनभर बारिश जारी रही जबकि कुछ देर के लिए बर्फ के फाहे भी गिरे। मनाली के पर्यटन स्थल सोलंगनाला के साथ-साथ अंजनी महादेव, कोठी, गुलाबा और हामटा में बर्फबारी हो रही है। मनाली लेह मार्ग के बारालाचा दर्रे सहित तंगलंगला और लाचुंगला में भारी बर्फबारी हो रही है।

गौर हो कि सर्दियों के कारण मनाली लेह मार्ग वाहनों के लिए बंद है, जो अब गर्मियों में ही बहाल हो पाएगा। मनाली में पर्यटकों की अधिकता के कारण हिडिंबा मंदिर वशिष्ठ नगर आदि में काफी भीड़ रहती है। हिमाचल में तीन दिन की छुट्टी होने के कारण पर्यटकों की आमद में भारी इजाफा होने की संभावना है। एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने बताया कि अटल टनल रोहतांग शुक्रवार को पर्यटकों के लिए बंद रही। पर्यटकों को केवल सोलंगनाला तक ही जाने की अनुमति दी गई। उन्होंने एडवाइजरी जारी कर पर्यटकों से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने का आग्रह किया।

बारिश और बर्फबारी के कारण कुल्लू में आधा दर्जन बस रूट बंद

जिला कुल्लू में भारी बारिश और बर्फबारी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में करीब आधा दर्जन बस रूट प्रभावित हुए हैं। कई रूटों पर बसें आधे रास्ते तक ही चल रही हैं। जिला के बागीपुल, पलचान, बयासर, कोटाधार और थाच माशना आदि रूटों पर बसों के पहिए थम गए हैं। बस अड्डा प्रभारी कुल्लू मनोज कुमार ने बताया कि मौसम के कारण आधा दर्जन बस रूट प्रभावित हुए हैं।

#AtalTunnelNews #lahaulSpitiNews #SnowfallNews